दधीचि देहदान समिति ने पांच टीबी मरीजों को लिया गोद,पहले माह का दिया गया पोषण किट
अररिया 25 जुलाई(हि.स.)। नेत्रदान की दिशा में सक्रिय रूप से काम कर रही दधीचि देहदान समिति अररिया जिला इकाई ने पांच टीबी मरीजों को गोद लिया है।जिसके तहत छह माह तक इन मरीजों को पोषण किट उपलब्ध कराया जाएगा।इस कड़ी में शनिवार को अनुमंडल कार्यालय के पास स्थित एएनएम स्कूल के सभागार में आयोजित प्रधानमंत्री टीबी मुक्त अभियान के अंतर्गत निक्षय मित्र के रूप में फूड बास्केट का वितरण किया गया।
अपनी संस्था के द्वारा अनुमंडल पदाधिकारी की पहल पर अगले 6 माह तक 5 टी वी मरीजों को गोद लेकर अनुमंडल प्रशासन द्वारा आयोजित समारोह में पहले माह का पोषण कीट प्रदान किया गया।अनुमंडल पदाधिकारी अभय कुमार तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ राजीव बसाक समेत अन्य अधिकारी और चिकित्साकर्मी के साथ बड़ी संख्या में एनजीओ के लोग शामिल थे।
मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी ने टीबी उन्मूलन के लिए सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि इस दिशा में यदि सामाजिक संस्थाएं आगे आकर टीबी मरीजों को पोषण को लेकर फूड उपलब्ध कराती है तो निःसंदेह जिला को टीबी मुक्त होने से कोई रोक नहीं सकता।उन्होंने अन्य संस्थाओं और सक्षम सामाजिक लोगों से टीबी उन्मूलन की दिशा में सरकार के इस कदम के साथ जुड़ने की अपील की।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

