दधीचि देहदान समिति, बिहार की भागलपुर शाखा का गठन, पदाधिकारियों ने ली शपथ

WhatsApp Channel Join Now
दधीचि देहदान समिति, बिहार की भागलपुर शाखा का गठन, पदाधिकारियों ने ली शपथ


भागलपुर, 28 जून (हि.स.)।

भागलपुर के श्री श्री गौशाला सभागार, भागलपुर में रविवार को दधीचि देहदान समिति, बिहार – भागलपुर शाखा की स्थापना सभा सह विचार गोष्ठी का आयोजन संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में नेत्रदान (कॉर्निया दान), अंगदान एवं देहदान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा मानव सेवा के इस महान अभियान को जन-जन तक पहुँचाना था। कार्यक्रम का शुभारंभ संरक्षकों, मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा शांति मंत्र के साथ दीप प्रज्ज्वलन एवं भारत माता तथा स्वामी विवेकानन्द जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। तत्पश्चात उपस्थित सभी लोगों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया।

डॉ. प्रमोद सिंघानिया की अध्यक्षता एवं रतन सांथालिया के संचालन में कार्यक्रम गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। स्वागत भाषण में डॉ. प्रमोद सिंघानिया ने कहा कि नेत्रदान, अंगदान एवं देहदान मानवता की सर्वोच्च सेवा है तथा समाज के प्रत्येक नागरिक को इस पुनीत कार्य से जुड़ना चाहिए। दधीचि देहदान समिति, बिहार के क्षेत्रीय संगठन मंत्री निर्मल कुमार जैन ने संगठन के उद्देश्य, कार्यप्रणाली एवं भावी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समिति पूरे बिहार में जागरूकता अभियान चलाकर अधिकाधिक लोगों को नेत्रदान, अंगदान एवं देहदान के लिए प्रेरित करेगी।

प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पटना उच्च न्यायालय के वरीय अधिवक्ता अरुण सत्यमूर्ति ने नवगठित भागलपुर शाखा के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री, सह सचिव, वित्त सचिव सहित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यसमिति के सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई तथा संगठन के उद्देश्यों के प्रति पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि भागलपुर के विधायक रोहित पाण्डेय ने कहा कि नेत्रदान, अंगदान एवं देहदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने समिति के इस जनकल्याणकारी अभियान की सराहना करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

श्री श्री गौशाला, भागलपुर के महामंत्री गिरधारी केजरीवाल ने समिति के गठन का स्वागत करते हुए इसे समाज के लिए एक महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायी पहल बताया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में उपाध्यक्ष मालू जैन, सह सचिव चांद झुनझुनवाला, चिंटू अग्रवाल सहित समिति के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों की सक्रिय एवं सराहनीय भूमिका रही। इस अवसर पर बड़ी संख्या में चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, समाजसेवियों, उद्योगपतियों, शिक्षाविदों एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया तथा नेत्रदान, अंगदान एवं देहदान के प्रति जन-जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story