डकैती कांड का उद्भेदन, पश्चिम बंगाल के तारापीठ से मुख्य आरोपी समेत 7 अपराधी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
डकैती कांड का उद्भेदन, पश्चिम बंगाल के तारापीठ से मुख्य आरोपी समेत 7 अपराधी गिरफ्तार


भागलपुर, 12 जुलाई (हि.स.)। भागलपुर पुलिस ने मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र में हुए चर्चित डकैती कांड का सफल उद्भेदन करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है।

पुलिस ने इस मामले में कुल 7 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनमें घटना के बाद पश्चिम बंगाल के तारापीठ भागकर छिपे अपराधियों को भी पुलिस ने दबोच लिया। उक्त आशय की जानकारी रविवार को एसएसपी प्रमोद कुमार ने आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी।

एसएसपी ने बताया कि बीते 9 जुलाई को मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के गणेशीबाग निवासी नीलू देवी पति रवि शंकर रजक के घर हथियार के बल पर नकाबपोश अपराधियों ने जेवरात, नकदी, मोबाइल और अन्य सामान लूट लिया था।

पीड़ित के बयान पर मधुसूदनपुर थाना में मामला दर्ज कर एसएसपी के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक-2 के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सूरज साह, संतोष कुमार साह, मिथुन कुमार मंडल, बृजेंद्र कुमार, सज्जन कुमार, अर्जुन कुमार और अमित कुमार को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने इनके कब्जे से 52 ग्राम सोना, एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, 53 हजार रुपये नकद और 6 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

घटना को अंजाम देने के बाद कुछ आरोपी पश्चिम बंगाल के तारापीठ भाग गए थे। जहां से उन्हें गिरफ्तार कर भागलपुर लाया गया। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story