फिट इंडिया मूवमेंट के 100वें संस्करण पर ठाकुरगंज में निकली साइकिल रैली
किशनगंज, 29 नवंबर (हि.स.)। फिट इंडिया मूवमेंट के 100वें संस्करण के अवसर पर रविवार को ठाकुरगंज में संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में मेरा युवा भारत (माय भारत), किशनगंज की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्त समाज का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ +2 ठाकुरगंज उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक चंद्र भूषण झा ने हरी झंडी दिखाकर किया। इसके बाद विद्यालय परिसर से साइकिल रैली निकाली गई, जो ठाकुरगंज रेलवे स्टेशन तक पहुंची। रैली में +2 ठाकुरगंज उच्च विद्यालय के छात्र-छात्राओं, 35 बिहार बटालियन एनसीसी पूर्णिया के कैडेट्स तथा विभिन्न सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय युवाओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान प्रतिभागियों ने नियमित व्यायाम, साइकिलिंग और शारीरिक फिटनेस को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। साथ ही युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने और खेलकूद एवं सकारात्मक गतिविधियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
आयोजकों ने कहा कि स्वस्थ युवा ही सशक्त राष्ट्र की नींव हैं। साइकिलिंग से शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होने के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलती है। कार्यक्रम के दौरान ‘हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी’ की भावना को बढ़ावा देने तथा ओलंपिक सहित अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में भारत की भागीदारी और उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में एसबीआई ठाकुरगंज के शाखा प्रबंधक अमरनाथ कुमार, शिक्षक सचिवाला, बू शाइन के निदेशक जनश्रुति कुमार, दिनकर कुमार सिंह, दिवाकर कुमार सिंह, हीरालाल सिंह सहित एनसीसी कैडेट्स, युवा स्वयंसेवकों एवं स्थानीय नागरिकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।आयोजन के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ रहने, नशे से दूर रहने और विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनने का संदेश दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

