साइकिल पर तिरंगा लेकर गूंजे भारत माता के जयकारे, छातापुर में निकली भव्य साइकिल रैली
सुपौल, 13 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर जिले के छातापुर प्रखंड में देशभक्ति का माहौल लगातार मजबूत हो रहा है। आमजनों में देशप्रेम की भावना जगाने के उद्देश्य से प्रखंड प्रशासन द्वारा विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
गुरुवार को मुख्यालय में साइकिल रैली निकाली गई। अब स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को मशाल जुलूस निकालने की तैयारी की जा रही है।
गुरुवार की सुबह बीडीओ डॉ. राकेश गुप्ता के नेतृत्व में प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर से तिरंगा साइकिल रैली निकाली गई। हाथों में तिरंगा लिए लोगों ने भारत माता की जय और देशभक्ति के नारे लगाए।
रैली में प्रशासनिक पदाधिकारी एवं कर्मियों के अलावा जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, प्रबुद्धजन, स्कूली छात्र और अभिभावक भी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। साइकिल रैली मुख्य सड़क पर पहुंची तो लोगों का कारवां लगातार बढ़ता गया। रास्ते में कई विद्यालयों के बच्चे भी अपनी साइकिल लेकर रैली में शामिल हो गए। देखते ही देखते रैली देशभक्ति के नारों और तिरंगे से सजी नजर आई।
बीडीओ डॉ. राकेश गुप्ता ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर प्रखंडवासी काफी उत्साहित हैं। प्रशासन की ओर से आयोजित की जा रही विभिन्न गतिविधियों में समाज के सभी वर्गों का सहयोग और समर्थन मिल रहा है। उन्होंने बताया कि तिरंगा यात्रा और साइकिल रैली की सफलता के बाद अब स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को मशाल जुलूस निकालने की तैयारी की जा रही है।
साइकिल रैली में सीओ रविराज कुमार, बीपीआरओ देश कुमार, बीएसओ ओमप्रकाश, थानाध्यक्ष प्रमोद झा सहित गणमान्य नागरिक शालीग्राम पांडेय, गौरीशंकर भगत, पवन कुमार हजारी, मकशुद मसन, रामटहल भगत, गणेश झा, पन्नालाल यादव, मो. बदरूज्जमा, मो. मोजाहिद उर्फ हीरा, रघुनंदन मेहता के अलावा बड़ी संख्या में स्कूली छात्र एवं अभिभावक मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

