ऑनलाइन परीक्षाओं में कदाचार रोकने को लेकर साइबर पुलिस ने किया सघन जांच

WhatsApp Channel Join Now
ऑनलाइन परीक्षाओं में कदाचार रोकने को लेकर साइबर पुलिस ने किया सघन जांच


भागलपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। जिले में आयोजित हो रही वर्तमान एवं आगामी ऑनलाइन परीक्षाओं को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से साइबर पुलिस ने शुक्रवार को सघन जांच अभियान चलाया।

पुलिस उपाधीक्षक (साइबर) के नेतृत्व में साइबर थाना की टीम ने शहर के विभिन्न ऑनलाइन परीक्षा केंद्रों के आसपास संचालित साइबर कैफे और अन्य संबंधित प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने साइबर कैफे में लगे कंप्यूटर सिस्टम, इंटरनेट नेटवर्क और वहां चल रही अन्य गतिविधियों की बारीकी से पड़ताल की। इस क्रम में सभी कैफे संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। पुलिस अधिकारियों ने संचालकों को सख्त हिदायत दी कि वे परीक्षा की गोपनीयता, निष्पक्षता और पारदर्शिता को प्रभावित करने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि में शामिल न हों। इसके अलावा संचालकों को निर्देशित किया गया कि यदि उनके प्रतिष्ठान या आसपास किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि या अनियमितता नजर आती है, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।

पुलिस प्रशासन के अनुसार, इस अभियान का मुख्य लक्ष्य परीक्षाओं के दौरान होने वाली किसी भी संभावित साइबर अनियमितता और धोखाधड़ी पर पूरी तरह से अंकुश लगाना है। भागलपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन परीक्षाओं की शुचिता बनाए रखने के लिए आगे भी इस तरह की सतत निगरानी और आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784101 Articles

Share this story