बक्सर के केसठ विद्यालय में छात्रों को डिजिटल सुरक्षा का दिया गया संदेश
बक्सर, 28 जुलाई (हि.स.)। बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति लोगों को सतर्क करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे साइबर मंगल अभियान के तहत मंगलवार को मध्य विद्यालय केसठ में साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों और उनसे बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में बताया गया कि साइबर अपराधी फर्जी फोन कॉल, एसएमएस, व्हाट्सऐप संदेश, ई-मेल, नकली लिंक, ऑनलाइन इनाम, केवाईसी अपडेट और बैंक अधिकारी बनकर लोगों को ठगी का शिकार बनाते हैं। छात्रों को सलाह दी गई कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम/डेबिट कार्ड का पिन, पासवर्ड या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अनजान मोबाइल एप डाउनलोड करने से बचें।
प्रभारी प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार ने इस जनजागरूकता अभियान के लिए पुलिस प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के साथ-साथ समाज के लिए भी बेहद उपयोगी हैं। उन्होंने छात्रों से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर ठगी के प्रति जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों को यह भी बताया गया कि साइबर अपराधी अक्सर डर या लालच का सहारा लेकर लोगों को जल्दबाजी में निर्णय लेने के लिए मजबूर करते हैं। ऐसे में किसी भी संदिग्ध कॉल या संदेश पर तुरंत प्रतिक्रिया देने के बजाय उसकी सत्यता की जांच करना आवश्यक है। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित और जिम्मेदार तरीके से इंटरनेट के उपयोग के लिए जागरूक करना रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra

