चलाया गया साइबर जागरूकता अभियान, छात्राओं को दिए सुरक्षा के टिप्स

WhatsApp Channel Join Now
चलाया गया साइबर जागरूकता अभियान, छात्राओं को दिए सुरक्षा के टिप्स


भागलपुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में बढ़ते साइबर अपराधों पर लगाम लगाने और आम नागरिकों को जागरूक करने के लिए भागलपुर पुलिस ने एक विशेष पहल शुरू की है। बिहार पुलिस मुख्यालय की साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई के निर्देश पर जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आदमपुर स्थित मोक्षदा गर्ल्स हाई स्कूल में मंगलवार को साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस अधिकारियों, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और भारी संख्या में छात्राओं ने भाग लिया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक नगर (सिटी एसपी), भागलपुर ने की। कार्यक्रम में साइबर डीएसपी और साइबर थाना भागलपुर की विशेष टीम भी मुख्य रूप से मौजूद रही। साइबर थाने की टीम ने छात्राओं और शिक्षकों को वर्तमान में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों और ऑनलाइन धोखाधड़ी के नए-नए पैंतरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कैसे अपराधी फर्जी कॉल, फर्जी वेबसाइट, सोशल मीडिया, फिशिंग लिंक और क्यूआर कोड के जरिए लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं। कार्यक्रम में विशेष रूप से डिजिटल अरेस्ट और निवेश, लॉटरी के नाम पर धोखाधड़ी, फर्जी कस्टमर केयर नंबर और बैंक खाता बंद होने का डर दिखाना, बिजली बिल बकाया होने, केवायसी अपडेट और नौकरी या लोन दिलाने के नाम पर ठगी के बारे में बताया गया। पुलिस ने छात्राओं को सुरक्षित इंटरनेट बैंकिंग और डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया। संवाद सत्र के दौरान छात्राओं और शिक्षकों के साइबर सुरक्षा से जुड़े सवालों के सरल और व्यावहारिक जवाब दिए गए। पुलिस टीम ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है, तो उसे घबराने के बजाय तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करना चाहिए या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज करानी चाहिए। समय पर सूचना देने से ठगी गई राशि को होल्ड करने और आर्थिक नुकसान को रोकने में मदद मिलती है। नगर पुलिस अधीक्षक ने छात्राओं को प्रेरित किया कि वे आज सीखी गई बातों और जागरूकता के इस संदेश को अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों तक पहुंचाएं। भागलपुर पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे बिना जांच-परख किसी भी डिजिटल संदेश या कॉल पर भरोसा न करें। पुलिस प्रशासन के अनुसार, नागरिकों को सुरक्षित रखने के लिए जिले के अन्य विद्यालयों, महाविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में यह जागरूकता अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767887 Articles

Share this story