सी.वी. रमन टैलेंट सर्च में सोनैली आवासीय विद्यालय के छात्रों का जलवा, डीएम ने किया सम्मानित
कटिहार, 17 जुलाई (हि.स.)। राज्य स्तरीय 'सर सी.वी. रमन टैलेंट सर्च इन साइंस 2026' में कटिहार के सोनैली स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय के छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। कक्षा 9 के छात्र विवेक कुमार ने जिला स्तर पर प्रथम और विशाल कुमार ने द्वितीय स्थान हासिल किया है। इस शानदार उपलब्धि पर शुक्रवार को कटिहार के जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने दोनों मेधावी छात्रों को प्रमाण-पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
बिहार काउंसिल ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी के तत्वावधान में कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए इस राज्य स्तरीय वार्षिक विज्ञान प्रतिभा खोज परीक्षा का आयोजन 29 नवंबर 2025 और 01 दिसंबर 2025 को किया गया था। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में पूरे बिहार राज्य से कुल 48,249 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया था, जिसमें कटिहार जिले के इन दोनों छात्रों ने अपनी वैज्ञानिक मेधा का परचम लहराया है।
इन छात्रों की सफलता में विद्यालय में मिल रही आधुनिक सुविधाओं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अहम योगदान है। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग, बिहार (पटना) द्वारा संचालित डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय, सोनैली में नामांकित छात्रों को सरकार की ओर से उत्कृष्ट सुविधाएँ निःशुल्क मुहैया कराई जाती हैं। यहाँ छात्रों के लिए मुफ्त आवास और भोजन के साथ-साथ पठन-पाठन के लिए समृद्ध लाइब्रेरी, आधुनिक डिजिटल क्लास, कंप्यूटर लैब और बेहतरीन शैक्षणिक माहौल की समुचित व्यवस्था उपलब्ध है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

