करंट से हुए मजदूर की मौत की चौबीस घंटे बाद हुई शिनाख्त

WhatsApp Channel Join Now
करंट से हुए मजदूर की मौत की चौबीस घंटे बाद हुई शिनाख्त


अररिया 23 सितम्बर(हि.स.)।

अररिया नगर थाना क्षेत्र के ओमनगर वार्ड संख्या आठ में मंगलवार को पेड़ की टहनियों को छांटने के दौरान हाई वोल्टेज बिजली के तार के चपेट में आए मजदूर की शिनाख्त बुधवार को हुई।मृतक रानीगंज थाना क्षेत्र के महसेली वार्ड संख्या चार का रहने वाला 52 वर्षीय इदरीश बैठा है। मंगलवार को पेड़ की टहनियों के छांटने के दौरान मजदूर की 11 हजार वोल्टेज बिजली के तार के चपेट में आने से मौत हो गई थी।मामले को लेकर शव का शिनाख्त नहीं हो पाया था और शव नगर थाना परिसर में रखा गया था।शव की शिनाख्त मृतक के परिजनों ने की।

परिजनों ने बताया कि इदरीश बैठा दैनिक मजदूरी का काम करता था और मंगलवार की सुबह घर से निकला था। रात को घर नहीं लौटने पर काफी तलाश की गई।जिसके बाद सोशल मीडिया पर एक अज्ञात मजदूर के मौत होने की खबर के बाद परिजन बुधवार को थाना पहुंचे जहां शव का शिनाख्त करने के बाद पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया।मृतक मजदूर की पत्नी के अलावे चार बेटे और दो बेटियां है और घर में अकेला वह कमाने वाला शख्स था,जिसके कारण परिजनों के समक्ष आर्थिक संकट जीवन बसर की समस्या पैदा हो गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story