मनिहारी गंगा घाट पर सुर बिखेरेंगे स्थानीय कलाकार, सांस्कृतिक कार्यक्रम में सहभागिता के लिए ऑडिशन जल्द

WhatsApp Channel Join Now

कटिहार, 21 अगस्त (हि.स.)। जिले के मनिहारी अनुमंडल स्थित गंगा घाट परिसर में आयोजित होने वाले श्रावणी मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रम में गायन प्रस्तुति के लिए स्थानीय इच्छुक कलाकारों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक कलाकार 23 अगस्त 2026 को दोपहर 12:30 बजे तक अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।

कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार (पटना) के सांस्कृतिक कार्य निदेशालय के निर्देशानुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत इस सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में भाग लेने के इच्छुक गायकों को अपना आवेदन प्रखंड व अंचल कार्यालय के सामने स्थित आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र (जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय, कटिहार) में व्यक्तिगत रूप से जमा करना होगा।

आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत बाद जिला प्रशासन द्वारा गठित विशेषज्ञ चयन समिति अभ्यर्थियों का ऑडिशन लेगी। ऑडिशन में चयनित कलाकारों को ही मंच पर प्रस्तुति का अवसर मिलेगा। साथ ही, चयनित कलाकारों को कला एवं संस्कृति विभाग के दिशा-निर्देशों और समिति द्वारा तय मानकों के अनुसार निर्धारित मानदेय का भुगतान किया जाएगा।

कार्यक्रम व आवेदन संबंधी किसी भी विस्तृत जानकारी के लिए इच्छुक कलाकार कार्यालय अवधि में संपर्क कर सकते हैं अथवा डाटा एंट्री ऑपरेटर शंकर कुमार झा से मोबाइल नंबर 6200997987 पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story