बजरंगबली को ध्वजा चढ़ाने उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

WhatsApp Channel Join Now
बजरंगबली को ध्वजा चढ़ाने उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़


भागलपुर, 27 मार्च (हि.स.)। जिले भर में रामनवमी के को लेकर हनुमान मंदिरों में बजरंगबली को ध्वजा चढ़ाने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। शहर के प्रमुख हनुमान मंदिरों, विशेषकर घंटाघर, डिक्सन मोड़ और नयाबाजार चौक स्थित चमत्कारी हनुमान मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। जहाँ भक्त जय श्रीराम के जयकारों के साथ केसरिया ध्वजा चढ़ा रहे हैं।

शहर के अलग-अलग मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। भक्तों ने पूरे श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ भगवान श्रीराम की पूजा-अर्चना की। मंदिरों में भजन-कीर्तन, आरती और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया है। जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कई मंदिरों में विशेष पूजा की व्यवस्था की गई थी, जहां भक्तों ने विधि-विधान से भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान की आराधना की। महिलाओं और बच्चों की भी अच्छी खासी भागीदारी देखी गई।

कई श्रद्धालु उपवास रखकर पूजा में शामिल हुए। उधर पूर्व नगर विधायक अजीत शर्मा अपनी पत्नी के साथ घंटाघर चौक स्थित हनुमान मंदिर पूजा अर्चना के लिए पहुंचे। मंदिरों में विशेष रूप से ध्वजा चढ़ाने को लेकर उत्साह देखा गया। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु ध्वजा लेकर पहुंचे। जय श्रीराम के जयकारों के बीच मंदिर पर ध्वजा चढ़ाया गया। प्रशासन की ओर से भीड़ को नियंत्रित करने के लिए व्यवस्था की गई थी। ट्रैफिक रूटों में भी बदलाव किया गया है।

शहर के घंटाघर चौक पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। प्रशासन ने बैरिकेडिंग की है। इसके अलावा शहर के बरारी, तिलकामांझी, आदमपुर, मोजाहिदपुर समेत अन्य क्षेत्रों के मंदिरों में भी पूजा-अर्चना के लिए लोगों की भीड़ देखी गई। मंदिरों को फूल-मालाओं और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story