सारण में श्रावण की दूसरी सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का जनसैलाब

WhatsApp Channel Join Now
सारण में श्रावण की दूसरी सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का जनसैलाब


सारण में श्रावण की दूसरी सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का जनसैलाब


सारण में श्रावण की दूसरी सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का जनसैलाब


सारण में श्रावण की दूसरी सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का जनसैलाब


सारण में श्रावण की दूसरी सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का जनसैलाब


सारण, 10 अगस्त (हि.स.)। श्रावण मास की द्वितीय सोमवारी के अवसर पर सारण जिले के तमाम पौराणिक एवं ऐतिहासिक शिवालयों में श्रद्धालुओं का अपार जनसैलाब उमड़ पड़ा। अहले सुबह से ही पूरा छपरा शहर और ग्रामीण इलाका भगवान भोलेनाथ की भक्ति में पूरी तरह लीन नजर आया।

प्रमुख मंदिरों में जलाभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना के लिए भक्तों की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं, जिससे समूचा क्षेत्र हर-हर महादेव और बोल बम के भक्तिमय जयकारों से गुंजायमान होता रहा। जिले के चारों दिशाओं में स्थित प्रमुख शिव मंदिरों में अद्भुत धार्मिक उत्साह देखा गया।

पश्चिमी क्षेत्र स्थित बाबा महेंद्रनाथ मंदिर में दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने पवित्र जलाशय से जल भरकर जलाभिषेक किया, वहीं उत्तरी क्षेत्र के बाबा शीलनिधि सिलहौरी मंदिर में आस्था की अटूट कतारें दिखीं। मध्य क्षेत्र स्थित बाबा धर्मनाथ मंदिर में सुबह से ही स्थानीय भक्तों का हुजूम डटा रहा।

उधर मांझी प्रखंड के गोबरही स्थित शिव शक्ति धाम में सुबह से ही गेरुआ वस्त्रधारी कांवड़ियों का तांता लगा है।

पूर्वी क्षेत्र सोनपुर स्थित विश्व विख्यात बाबा हरिहरनाथ मंदिर में बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड सहित विभिन्न राज्यों से पहुंचे लगभग 50 से 60 हजार श्रद्धालुओं ने गंगा-गंडक के पावन संगम में स्नान के बाद जलाभिषेक किया।

हरिहरक्षेत्र का यह अद्वितीय मंदिर, जहां भगवान विष्णु और भगवान शिव एक ही शिला में विराजमान हैं। इसके अलावा कई श्रद्धालुओं ने अपने घरों में पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर विशेष प्रकार के फूल, बेलपत्र, फल, भांग, धतूर, अकवन, गंगाजल, गन्ने का रस, अनार के जूस, अन्य फलों के रस से रुद्राभिषेक संपन्न किया।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सारण जिला प्रशासन और मंदिर न्यास समिति पूरी तरह मुस्तैद दिखी। पहली सोमवारी की भीड़ को देखते हुए धक्का-मुक्की रोकने और सुचारू दर्शन हेतु बैरिकेडिंग का दायरा बढ़ाया गया है।

जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार गर्भगृह, परिसर एवं निकास द्वारों पर पर्याप्त पुलिस बल और दंडाधिकारी तैनात रहे। मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे, वॉच टावर, मेडिकल कैंप, एम्बुलेंस, गोताखोर, खोया-पाया केंद्र तथा सुगम यातायात हेतु विशेष रूट चार्ट लागू किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story