छठ महापर्व के बाद भागलपुर स्टेशन पर उमड़ी परदेश जाने वालों की भीड़, पलायन के मुद्दे पर छिड़ी बहस

WhatsApp Channel Join Now
छठ महापर्व के बाद भागलपुर स्टेशन पर उमड़ी परदेश जाने वालों की भीड़, पलायन के मुद्दे पर छिड़ी बहस


छठ महापर्व के बाद भागलपुर स्टेशन पर उमड़ी परदेश जाने वालों की भीड़, पलायन के मुद्दे पर छिड़ी बहस


भागलपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व छठ के समापन के साथ ही एक बार फिर भागलपुर रेलवे स्टेशन पर दूसरे राज्यों की ओर लौटने वाले यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। रोजी-रोटी और रोजगार की तलाश में बड़ी संख्या में लोग अपने परिवारों के साथ लंबी दूरी की ट्रेनों से दिल्ली, मुंबई और अन्य महानगरों की ओर रवाना हो रहे हैं।

स्टेशन परिसर में यात्रियों की यह भीड़ बिहार में रोजगार की स्थिति और पलायन की समस्या को एक बार फिर केंद्र में ले आई है। यात्रा के दौरान भागलपुर से दिल्ली जा रहीं महिला यात्री मालती देवी ने राज्य में रोजगार के अभाव को लेकर अपनी पीड़ा साझा की। उन्होंने बताया कि स्थानीय स्तर पर मजदूरी और काम नहीं मिलने के कारण उन्हें मजबूरन अपने परिवार और घर से दूर दूसरे राज्य में जाकर काम करना पड़ता है। परिवार से बिछड़ने के दर्द और आजीविका चलाने की चिंता का जिक्र करते हुए मालती देवी भावुक हो गईं और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। उनकी यह व्यथा रोजगार के लिए बाहर जाने वाले हजारों परिवारों की स्थिति को दर्शाती है।

दूसरी ओर, भागलपुर पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने पलायन के मुद्दे पर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि पहले और आज के हालात में बड़ा अंतर है। उनके अनुसार, बिहार के जो लोग दूसरे राज्यों में नौकरी करने जाते हैं, उसे पलायन की श्रेणी में नहीं रखा जा सकता, बल्कि मजदूरी के लिए बाहर जाने को पलायन कहा जाता है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि बीते वर्षों की तुलना में बिहार से होने वाले पलायन में कमी आई है। उन्होंने कहा कि 20 साल पहले के दौर में बाहरी उद्योगपति बिहार में निवेश करने से कतराते थे, लेकिन वर्तमान में राज्य में उद्योगों का विस्तार हो रहा है और निवेशक यहां आ रहे हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में बिहार में औद्योगिक विकास की गति और तेज होगी, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और लोगों को आजीविका के लिए बाहर जाने की मजबूरी नहीं रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780381 Articles

Share this story