सावन की अंतिम सोमवारी पर महाकाल मंदिर में उमड़ी भक्तों की भीड़

WhatsApp Channel Join Now
सावन की अंतिम सोमवारी पर महाकाल मंदिर में उमड़ी भक्तों की भीड़


किशनगंज, 24 अगस्त (हि.स.)। सावन की अंतिम सोमवारी के अवसर पर शहर के रुईधासा स्थित महाकाल मंदिर में बाबा महाकाल के जलाभिषेक के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने बाबा महाकाल को जलार्पण कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर में पुरोहित गुरु साकेत के सानिध्य में बाबा महाकाल की विशेष पूजा-अर्चना की गई।

किशनगंज शहर के अलावा आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन और जलार्पण के लिए पहुंचे। इनमें महिला श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रही। मंदिर परिसर में दिनभर भक्तों की आवाजाही बनी रही। गुरु साकेत ने बताया कि सावन की सोमवारी का विशेष धार्मिक महत्व है। इस दिन बाबा महाकाल को जलार्पण करने से श्रद्धालुओं को विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। अंतिम सोमवारी को लेकर मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। शाम के समय मंदिर परिसर में हवन का भी आयोजन किया गया। बताया गया कि रुईधासा स्थित महाकाल मंदिर में पिछले करीब 18 वर्षों से बाबा महाकाल की पूजा-अर्चना की जा रही है। शुरुआत में यहां बाबा महाकाल की अस्थायी प्रतिमा स्थापित थी। बाद में एक श्रद्धालु की मनोकामना पूर्ण होने के बाद उनके द्वारा मंदिर में बाबा महाकाल की स्थायी प्रतिमा स्थापित कराई गई।

महाकाल मंदिर में किशनगंज के अलावा पूर्णिया, कटिहार, अररिया, पटना और भागलपुर सहित बिहार के विभिन्न जिलों से श्रद्धालु पहुंचते हैं। वहीं पश्चिम बंगाल के विभिन्न क्षेत्रों से भी भक्त बाबा महाकाल के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए आते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story