एसपी की जन सुनवाई में उमड़ी फरियादियों की भीड़, त्वरित कार्रवाई का निर्देश
किशनगंज, 03 अक्टूबर (हि.स.)। आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान और पुलिस से संबंधित शिकायतों के निपटारे को लेकर शनिवार को पुलिस कार्यालय, किशनगंज में पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने जन सुनवाई की। जन सुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आम नागरिकों ने अपनी-अपनी समस्याएं एवं शिकायतें एसपी के समक्ष रखीं।
पुलिस अधीक्षक ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित मामलों की जानकारी ली। जन सुनवाई के दौरान प्राप्त आवेदनों का एसपी ने अवलोकन किया। इसके बाद संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को प्रत्येक मामले में निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा मामले की जांच सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष तरीके से की जाए।
एसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जन सुनवाई में प्राप्त आवेदनों पर कार्रवाई करते हुए फरियादियों को समयबद्ध तरीके से आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए। पुलिस कार्यालय में आयोजित इस जन सुनवाई के दौरान फरियादियों को अपनी समस्याएं सीधे पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखने का अवसर मिला।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया प्रभावी और पारदर्शी हो। जन सुनवाई के माध्यम से पुलिस और आम जनता के बीच संवाद को मजबूत करने तथा लोगों की शिकायतों के त्वरित समाधान पर जोर दिया जा रहा है। अधिकारियों को प्राप्त मामलों की कार्रवाई की निगरानी करने का भी निर्देश दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

