गरीब चौपाल यात्रा में उमड़ी भीड़, संतोष सुमन बोले- आरक्षण का वर्गीकरण जरूरी
सुपौल, 26 सितंबर (हि.स.)। हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह बिहार सरकार के मंत्री संतोष कुमार सुमन शनिवार को गरीब चौपाल यात्रा के तहत सुपौल पहुंचे। गांधी मैदान में आयोजित गरीब चौपाल कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग जुटे।
कार्यक्रम में महिलाओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने मंत्री का स्वागत किया। इस दौरान लोगों की बड़ी संख्या में मौजूदगी को देखकर मंत्री संतोष कुमार सुमन ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि गरीब चौपाल यात्रा का उद्देश्य समाज के लोगों को जागरूक करना और उनकी समस्याओं को समझना है।
उन्होंने कहा कि उनका समाज आज भी कई मायनों में पिछड़ा हुआ है और लोगों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने की जरूरत है। मंत्री ने कहा कि इसी उद्देश्य से राज्य के विभिन्न जिलों में गरीब चौपाल यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। चौपाल के माध्यम से समाज के लोगों की समस्याओं को सीधे सुना जा रहा है और उनके समाधान के लिए पहल की जा रही है।
उन्होंने कहा कि जब समाज के लोगों की समस्याएं दूर होंगी, तभी समाज का समुचित विकास होगा और लोग अपने हक एवं अधिकार के लिए मजबूती से आवाज उठा सकेंगे। आरक्षण के मुद्दे पर मंत्री संतोष कुमार सुमन ने कहा कि आरक्षण का लाभ समाज के सभी जरूरतमंद वर्गों तक समान रूप से पहुंचना जरूरी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान व्यवस्था में कुछ वर्गों को अपेक्षाकृत अधिक लाभ मिलने की बात सामने आती रही है। ऐसे में आरक्षण के भीतर वर्गीकरण जरूरी है, ताकि वंचित एवं अत्यंत पिछड़े लोगों तक भी आरक्षण का लाभ पहुंच सके।
उन्होंने कहा कि आरक्षण का उद्देश्य समाज के कमजोर और वंचित तबकों को आगे बढ़ने का अवसर देना है। इसके लिए यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि वास्तविक रूप से जरूरतमंद लोगों को भी इसका लाभ मिले। कार्यक्रम के दौरान हाल के दिनों में विभिन्न जिलों में बच्चियों के साथ छेड़खानी की घटनाओं का भी मंत्री ने उल्लेख किया। उन्होंने ऐसी घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि सरकार इस तरह के मामलों को लेकर गंभीर है। दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है तथा इस दिशा में आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
बड़ी संख्या में पहुंचे लोग, जमा किए आवेदन
गरीब चौपाल कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। लोगों ने अपनी-अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन मंत्री को सौंपे। मंत्री संतोष कुमार सुमन ने कहा कि चौपाल में प्राप्त सभी आवेदनों को गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित मामलों में समुचित पहल करने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान गांधी मैदान में काफी देर तक लोगों की भीड़ बनी रही। खासकर महिलाओं की बड़ी भागीदारी कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

