हथियार के साथ तीन अपराधी गिरफ्तार, बड़ी वारदात की थी तैयारी

WhatsApp Channel Join Now
हथियार के साथ तीन अपराधी गिरफ्तार, बड़ी वारदात की थी तैयारी


भागलपुर, 29 जून (हि.स.)। जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र के शंकरपुर दियारा इलाके से तीन अपराधियों को अवैध हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया है। उक्त आशय की जानकारी सोमवार को भागलपुर के सिटी एसपी अतुलेश झा ने दी।

सिटी एसपी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं और इसके लिए हथियारों का संग्रह कर रहे हैं।

सूचना के आधार पर नाथनगर थाना पुलिस, एसटीएफ टीम और सशस्त्र बल की संयुक्त टीम ने शंकरपुर दियारा में छापेमारी कर तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार अपराधियों में नाथनगर थाना क्षेत्र के लालूचक निवासी भरत कुमार, सबौर थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी नंदकिशोर मंडल और परबत्ता थाना क्षेत्र के शंकरपुर दियारा निवासी भोला मंडल शामिल हैं।

पुलिस ने इनके पास से एक देसी मस्केट, दो नाली बंदूक, एक देसी कट्टा, 39 जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद किया है।

सिटी एसपी अतुलेश झा ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ की जा रही है और इनके आपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है। पुलिस को आशंका है कि हथियारों का इस्तेमाल किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने के लिए किया जाना था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story