देसी पिस्टल और कारतूस के साथ शातिर गिरफ्तार, जवारीपुर का रहने वाला है रंजीत मेहता

WhatsApp Channel Join Now
देसी पिस्टल और कारतूस के साथ शातिर गिरफ्तार, जवारीपुर का रहने वाला है रंजीत मेहता


भागलपुर, 06 नवंबर (हि.स.)। जिला पुलिस ने बरारी थाना क्षेत्र में तत्परता दिखाते हुए एक हथियारबंद अपराधकर्मी को रंगे हाथ गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।

पुलिस ने आरोपी के पास से एक देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार युवक की पहचान तिलकामांझी थाना क्षेत्र के जवारीपुर निवासी रंजीत कुमार मेहता के रूप में हुई है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए डीएसपी वन हेमंत कुमार ने प्रेस वार्ता में शुक्रवार को बताया कि पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के मुताबिक, रंजीत कुमार मेहता बरारी के खीरनी घाट इलाके के पास अवैध हथियार के साथ किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की नीयत से घूम रहा था।

डीएसपी एक ने बताया कि सूचना मिलते ही मामले के सत्यापन और कार्रवाई के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक की निगरानी में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इसके बाद बरारी थानाध्यक्ष के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने खीरनी घाट के पास घेराबंदी कर छापेमारी की और आरोपी को दबोच लिया।

गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने युवक की तलाशी ली, तो उसके पास से एक अवैध देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। बरारी थाना पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास को खंगालने और हथियार के स्रोतों का पता लगाने के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773520 Articles

Share this story