लूट मामले में एक आरोपित देसी कट्टा के साथ गिरफ्तार
भागलपुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। जिले के शाहकुंड थाना क्षेत्र में बीते 4 अप्रैल को हुए 8 लाख रुपये की लूट मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। गुरुवार को सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि मंटू कुमार अकबरनगर स्थित अपने पेट्रोल पंप से शाहकुंड बैंक में करीब 8 लाख रुपये जमा करने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अज्ञात अपराधियों ने देसी कट्टा का भय दिखाकर उनसे पूरी रकम लूट ली। घटना के तुरंत बाद मंटू कुमार ने शाहकुंड थाना को सूचना दी, जिसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने तकनीकी और वैधानिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए इस कांड में शामिल आरोपित मदन मंडल को नवगछिया पुलिस जिला के तीन टंगा दियारा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपित के पास से एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। पूछताछ में मदन मंडल ने इस लूट कांड में शामिल अन्य अपराधियों के नाम भी स्वीकार किए हैं। पुलिस अब उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। उल्लेखनीय है कि इस मामले में एक अन्य आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

