महिला हत्याकांड में शामिल तीन मुख्य अपराधकर्मी गिरफ्तार
भागलपुर, 09 जुलाई (हि.स.)। जिले के सुलतानगंज थानान्तर्गत एक महिला के हत्याकांड के तीन मुख्य अपराधकर्मी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उक्त आशय की जानकारी गुरुवार को सिटी एसपी अतुलेश झा ने आयोजित प्रेस वार्ता में दी।
सिटी एसपी ने बताया कि बीते 22 को सुलतानगंज थाना को सूचना प्राप्त हुआ था कि सुलतानगंज थानान्तर्गत ग्राम-मिरहट्टी के समीप पीरबाबा के पास एक बोरा में अज्ञात महिला का शव रखा हुआ है। जिसके उपरांत सुलतानगंज थानाध्यक्ष के द्वारा सशस्त्र बल के साथ घटनास्थल पर पहुँचकर घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए विधिवत् साक्ष्य का संकलन किया गया।
इस संबंध में गश्ती पदाधिकारी के लिखित आवेदन पर अज्ञात व्यक्ति के विरूद्ध सुलतानगंज थाना में सुसंगत धाराओ में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया। जिसके उपरांत शव की पहचान तेतरी देवी पत्ति-बंटी तांती सा०-मोहम्मदपुर थाना-मधुसूदनपुर जिला-भागलपुर के रूप में की गयी।
इस घटना में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक भागलपुर के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक नगर भागलपुर के निगरानी एवं अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी विधि-व्यवस्था, भागलपुर तथा सुलतानगंज थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। जहाँ उक्त गठित टीम के द्वारा प्रारंभिक अनुसंधान में वैज्ञानिक, तकनिकी अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज तथा मानवीय सूचना और साक्ष्यों के आधार पर इस कांड में संलिप्त अपराधकर्मियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी के क्रम में तीन अपराधकर्मी अजय कुमार चौरसिया उर्फ अजय मोदी, अर्जुन यादव और मंतोष कुमार को पाँच मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त किए गए ई-रिक्शा के साथ विधिवत् गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त से पूछ-ताछ के क्रम में पता चला कि इनके द्वारा सुलतानगंज थाना अंतर्गत मिर्जा गाँव स्थित अभियुक्त अजय कुमार चौरसिया के बगीचा में इस घटना को कारित कर ई-रिक्शा से मिरहट्टी गाँव के किनारे पीरबाबा के समीप शव को फेक दिया गया। इस संबंध में आवश्यक पुछ-ताछ करते हुए अग्रतर कार्रवाई कि जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

