चोरी के रेल सामग्री के साथ एक बदमाश गिरफ्तार
भागलपुर, 04 अप्रैल (हि.स.)। जिले के पीरपैंती नगर पंचायत क्षेत्र स्थित कोलडंप के पास प्रदूषण नियंत्रण प्रणाली से जुड़े जीआई पाइप की लगातार हो रही चोरी ने रेलवे सुरक्षा बल की चिंता बढ़ा दी थी। लंबे समय से चल रही इन वारदातों के कारण रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंच रहा था और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे थे। चोरों ने इस कदर उत्पात मचा रखा था कि रेलवे पुलिस के लिए यह बड़ी चुनौती बन गई थी। इसी क्रम में शुक्रवार की शाम कहलगांव आरपीएफ इंस्पेक्टर विपिन कुमार को विश्वसनीय गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि पीरपैंती के नौआटोली गांव में चोरी किए गए रेलवे के सामान को छिपाकर खपाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए इंस्पेक्टर विपिन कुमार के नेतृत्व में आरपीएफ की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव में छापेमारी अभियान चलाया।
छापेमारी के दौरान टीम ने मोहम्मद राज अंसारी पिता जबीर अंसारी को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने पहले टालमटोल की, लेकिन सख्ती से पूछे जाने पर उसने चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मोहम्मद अजीम अंसारी के घर में छिपाकर रखे गए चोरी के सामान को बरामद कर लिया। बरामद सामग्री में जीआई पाइप सहित अन्य रेलवे से जुड़े उपकरण शामिल बताए जा रहे हैं।
आरपीएफ इंस्पेक्टर विपिन कुमार ने बताया कि रेलवे संपत्ति की सुरक्षा को लेकर लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह के संगठित चोरी गिरोहों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि इस मामले में अन्य आरोपियों की संलिप्तता की जांच की जा रही है और जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

