सबौर में ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
सबौर में ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर गिरफ्तार


भागलपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर नकेल कसने के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान स्वस्थ युवा, स्वस्थ भागलपुर के तहत सबौर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।

इस संबंध में विधि-व्यवस्था डीएसपी नवनीत कुमार ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता कर मामले की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को 12 नवंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि सबौर थाना क्षेत्र के बाबूपुर स्थित डीपीएस स्कूल के समीप अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की जा रही है।

सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने तत्परता दिखाते हुए डीपीएस स्कूल के पास चिन्हित स्थान पर छापेमारी की।

इस दौरान पुलिस ने मौके से बाबूपुर निवासी मनीष कुमार को धर दबोचा। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से 10 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने विधिवत जब्त कर लिया है।

डीएसपी नवनीत कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध सबौर थाने में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर इस बात का पता लगा रही है कि वह ब्राउन शुगर की खेप कहां से लाता था और इस अवैध नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि युवाओं को नशे की गर्त से बचाने के लिए जिले में यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776518 Articles

Share this story