सैनो गांव में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध हथियार और ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
सैनो गांव में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध हथियार और ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार


भागलपुर, 11 नवंबर (हि.स.)। जिला पुलिस ने मादक पदार्थों के तस्करों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है।

जगदीशपुर थाना क्षेत्र के सैनो गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक तस्कर को अवैध हथियार, जिंदा कारतूस और भारी मात्रा में ब्राउन शुगर के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

मामले की जानकारी देते हुए विधि-व्यवस्था डीएसपी नवनीत कुमार ने बुधवार को प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी कि सैनो गांव का रहने वाला सुनील यादव अपने घर से बड़े पैमाने पर अवैध तरीके से मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री का धंधा कर रहा है।

डीएसपी नवनीत कुमार के मुताबिक, सूचना मिलते ही जगदीशपुर थाना पुलिस की एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुनील यादव के ठिकाने पर घेराबंदी कर छापेमारी की। पूरे घर की सघन तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से एक देसी कट्टा, 10 पीस जिंदा कारतूस, 25 ग्राम प्रतिबंधित ब्राउन शुगर और दो मोबाइल फोन बरामद किया है।

पुलिस ने मौके से ही मुख्य आरोपी सुनील यादव को गिरफ्तार कर लिया है। डीएसपी ने बताया कि बरामद मोबाइल फोन को खंगाला जा रहा है ताकि इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों और खरीदारों का पता लगाया जा सके। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने के साथ-साथ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775332 Articles

Share this story