अवैध हथियार और स्मैक के साथ सुदामा यादव गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
अवैध हथियार और स्मैक के साथ सुदामा यादव गिरफ्तार


भागलपुर, 07 सितंबर (हि.स.)। जिले में अपराध और नशे के काले कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में सजौर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियार और नशीले पदार्थ (स्मैक) के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

मामले की जानकारी देते हुए सिटी एसपी अतुलेश झा ने सोमवार को बताया कि पुलिस को 6 सितंबर को एक गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के मुताबिक, सजौर थाना क्षेत्र के हसनचक नवटोलिया का रहने वाला आरके कुमार उर्फ सुदामा यादव अपने घर में अवैध हथियार छिपाकर रखता है और वहीं से मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री का धंधा चलाता है।

सिटी एसपी ने बताया कि सूचना के सत्यापन के बाद तुरंत एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने सशस्त्र बल के साथ आरोपी के हसनचक नवटोलिया स्थित घर पर अचानक छापेमारी की। पुलिस की इस मुस्तैद कार्रवाई के आगे आरोपी को संभलने का मौका नहीं मिला।

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरके कुमार उर्फ सुदामा यादव के पास से एक देसी कट्टा, 7 जिंदा कारतूस, एक खोखा और 5.5 ग्राम स्मैक बरामद किया है। पुलिस ने मौके पर ही सभी सामानों को जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story