फलका कांड के दो नामजद हथियार और नकदी के साथ गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

कटिहार, 06 अक्टूबर (हि.स.)। कटिहार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फलका थाना कांड संख्या-251/26 के दो अभियुक्तों को अवैध हथियार और नकदी के साथ गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। कोढ़ा थाना पुलिस ने तेज गति से भाग रही एक संदिग्ध कार का पीछा करते हुए बावनगंज नहर पुल के समीप घेराबंदी कर दोनों आरोपितों को दबोच लिया।

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 05 अक्टूबर की रात फलका थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि फलका कांड से जुड़े आरोपित एक कार से तेज रफ्तार में कोढ़ा क्षेत्र की ओर भाग रहे हैं। सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए कोढ़ा थाना पुलिस को अलर्ट किया गया। सूचना मिलते ही कोढ़ा पुलिस हरकत में आई और संदिग्ध वाहन का पीछा शुरू कर दिया, जिसके बाद बावनगंज नहर पुल के पास उक्त कार को घेरकर पकड़ लिया गया।

हिरासत में लेकर तलाशी लेने पर पुलिस ने आरोपितों के पास से एक देशी कट्टा, एक स्टील का पाइप, एक मोबाइल फोन और 10,500 रुपये नकद बरामद किए।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान पोठिया थाना क्षेत्र के ग्राम भंगहा निवासी 22 वर्षीय मनीष कुमार रजक और ग्राम सिमरिया लोहनी निवासी 20 वर्षीय ऋतिक यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने वाहन सहित सभी आपत्तिजनक सामान जब्त कर लिए हैं और कांड दर्ज कर दोनों के खिलाफ अग्रतर कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story