सीवान में अपराध समीक्षा बैठक: सख्त निर्देश, तेज होगी कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
सीवान में अपराध समीक्षा बैठक: सख्त निर्देश, तेज होगी कार्रवाई


सीवान, 12 अप्रैल (हि.स.)।

एसपी पुरन कुमार झा द्वारा माह मार्च 2026 की अपराध गोष्ठी का आयोजन समाहरणालय सभागार में किया गया। बैठक में पुलिस अधीक्षक के साथ अपर पुलिस अधीक्षक, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, सभी थानाध्यक्ष एवं शाखा प्रभारी मौजूद रहे।

गोष्ठी में जिले में विधि-व्यवस्था सुदृढ़ करने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर कई अहम निर्देश दिए गए। बैठक में हत्या, आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों के त्वरित निष्पादन और आरोपियों को शीघ्र सजा दिलाने पर जोर दिया गया। साथ ही सभी थानाध्यक्षों को सक्रिय रहकर फरार अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया गया।

जिले में विशेष अभियान चलाकर वारंट, सम्मन और कुर्की के निष्पादन के निर्देश दिए गए। असामाजिक तत्वों पर नजर रखते हुए उनके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई करने को कहा गया। इसके अलावा अपराध से अर्जित संपत्ति जब्ती की कार्रवाई तेज करने पर भी जोर दिया गया। ईआरएसएस के तहत प्राप्त शिकायतों पर हर हाल में 15 मिनट के अंदर रिस्पॉन्स देने, थानों में आने वाले लोगों के साथ शालीन व्यवहार रखने तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया गया। आगंतुक पंजी संधारण को भी अनिवार्य रूप से लागू करने को कहा गया।

पुलिस पदाधिकारियों को नियमित गश्ती, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी तथा वाहन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए शराब माफियाओं की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में बेहतर कार्य करने वाले पांच पुलिस पदाधिकारियों को सम्मानित भी किया गया। वहीं बसंतपुर थानाध्यक्ष को “एसएचओ ऑफ द मंथ” घोषित किया गया। अंत में पुलिस अधीक्षक ने सभी पदाधिकारियों को मुस्तैदी से कार्य करते हुए जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story