बड़ी वारदात की साजिश नाकाम, हथियार के साथ दो अपराधी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
बड़ी वारदात की साजिश नाकाम, हथियार के साथ दो अपराधी गिरफ्तार


सीवान, 20 जुलाई (हि.स.)। जिले के महाराजगंज थाना पुलिस ने बड़ी आपराधिक घटना की साजिश को समय रहते विफल करते हुए दो अपराधियों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया गया है।

मौके से एक देशी कट्टा, चार कारतूस, एक चाकू, चार मोटरसाइकिल, तीन नंबर प्लेट तथा तीन स्मार्ट कार्ड बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार 19 जुलाई को गुप्त सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के ग्राम पोखरा स्थित टुनटुन पांडेय के बगीचे में पोल्ट्री फार्म के पास कुछ अपराधी चार मोटरसाइकिल के साथ जुटे हैं और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विजय चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। पुलिस टीम को देखते ही बदमाश भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, दो विधि-विरुद्ध बालकों को भी निरुद्ध किया गया।

तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक देशी कट्टा, चार जिंदा कारतूस, एक चाकू, चार मोटरसाइकिल, तीन नंबर प्लेट और तीन स्मार्ट कार्ड बरामद किए गए। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान जीबी नगर थाना क्षेत्र के नवतन निवासी अनिल यादव के पुत्र अंकित कुमार और कथक गौर निवासी राजू रावत के पुत्र संदेश कुमार के रूप में हुई है।

इस मामले में महाराजगंज थाना में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस बरामद मोटरसाइकिलों, नंबर प्लेटों और अन्य सामान के संबंध में भी जांच कर रही है कि इनका उपयोग किन-किन आपराधिक घटनाओं में किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story