अंतरराज्यीय लूट गिरोह का भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार, हथियार और कारतूस बरामद

WhatsApp Channel Join Now

सासाराम/ डेहरी-ऑन-सोन, 02 अगस्त (हि.स.)। रोहतास पुलिस ने डेहरी में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अंतरराज्यीय संगठित अपराध गिरोह का पर्दाफाश किया है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, 1 अगस्त की शाम मिली गुप्त सूचना के आधार पर डेहरी नगर थाना क्षेत्र के रेलवे स्टेशन रोड स्थित सुपर इंडिया होटल में छापेमारी की गई। सूचना थी कि दूसरे राज्य से आए कुछ संदिग्ध लोग होटल में ठहरकर किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1, डेहरी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम में डिहरी नगर थाना और डीआइयू रोहतास के जवान शामिल थे। टीम ने होटल के कमरा संख्या 108 और 113 की तलाशी ली। कमरा 108 से सुरेश दास उम्र 22 वर्ष, माईकल आकाश उम्र 25 वर्ष, माईकल रोहित उम्र 24 वर्ष और एक विधि-विरुद्ध बालक को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से एक अवैध देशी पिस्टल, दो खाली मैगजीन, छह जिंदा कारतूस, लोहे का फाइटर, डिक्की का लॉक तोड़ने वाले दो टी-आकार के औजार और दो अलग-अलग वाहन नंबर प्लेट बरामद हुईं।

पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उनके दो साथी सतीश दास और टी. अर्जुन कमरा 113 में रुके हैं और पिछले महीने कैमूर में हुई आपराधिक घटना में शामिल थे। इसके बाद पुलिस ने वहां भी छापा मारकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया और आगे की कार्रवाई के लिए कैमूर नगर थाना को सुपुर्द कर दिया।

पुलिस का कहना है कि यह गिरोह विभिन्न राज्यों में सोना-चांदी के व्यापारियों की रेकी कर लूट और छिनतई करता था। आरोपितों ने दरिहट और कोचस थाना क्षेत्रों में हुई छिनतई की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है, जिसकी पुष्टि तकनीकी साक्ष्यों से भी हुई है। जांच में पता चला है कि इनके खिलाफ बक्सर और कैमूर में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।

बरामद सामान में दो पल्सर मोटरसाइकिल और चार एंड्रॉयड मोबाइल भी शामिल हैं। पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra

Share this story