बजाज फाइनेंस एजेंट बन साइबर ठगी करने वाले दो शातिर आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
बजाज फाइनेंस एजेंट बन साइबर ठगी करने वाले दो शातिर आरोपी गिरफ्तार


नालंदा, 12 जुलाई (हि.स.)।

नालंदा साइबर थाना पुलिस ने रविवार को लोन दिलाने के नाम पर लोगों से साइबर ठगी करने वाले दो आरोपितों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

दोनों आरोपित व्हाट्सएप के माध्यम से खुद को बजाज फाइनेंस का एजेंट बताकर भोले-भाले लोगों से संपर्क करते थे और उन्हें आसान लोन दिलाने का झांसा देकर ठगी करते थे।साइबर पुलिस पोर्टल से प्राप्त संदिग्ध मोबाइल नंबरों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मानपुर थाना क्षेत्र के सरबहदी गांव में छापेमारी की।

इस दौरान रामवरण कुमार (35 वर्ष), पिता सुरेंद्र प्रसाद तथा राजीव प्रसाद (37 वर्ष), पिता रामप्रवेश प्रसाद, दोनों निवासी सरबहदी, थाना मानपुर, जिला नालंदा को गिरफ्तार किया गया है।इस मामले में नालंदा साइबर थाना कांड संख्या 182/26, दिनांक 10 जुलाई 2026 दर्ज किया गया। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपितों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से साइबर ठगी में प्रयुक्त छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें तीन स्मार्टफोन और तीन कीपैड मोबाइल शामिल हैं।

बरामद मोबाइलों की जांच कर ठगी के नेटवर्क और अन्य संभावित पीड़ितों की जानकारी जुटाई जा रही है।इस कार्रवाई में नालंदा साइबर थाना की पुलिस निरीक्षक कुमारी उषा सिन्हा, पुलिस अवर निरीक्षक अबू तालीब अंसारी, सिपाही पुनेश कुमार तथा नालंदा साइबर थाना एवं मानपुर थाना की सशस्त्र पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस पूरे गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

Share this story