कार के सीक्रेट तहखाना से शराब बरामद, 5 तस्कर गिरफ्तार
नालंदा, बिहारशरीफ 18 अक्टूबर (हि.स.)। नालंदा जिले में दुर्गापूजा के दौरान शराब की तस्करी पर रोक लगाने के लिए अलर्ट उत्पाद विभाग की टीम ने बिहारशरीफ में बड़ी कार्रवाई की है। लहेरी थाना क्षेत्र के गगन दीवान मोहल्ले स्थित एक गैराज में छापेमारी कर कार के अंदर बने तहखाने से करीब 81 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।
मौके से पांच धंधेबाजों को गिरफ्तार किया गया है। टीम ने कार के साथ शराब से भरी एक स्कूटी भी बरामद की है।उत्पाद अधीक्षक संजय कुमार चौधरी ने बताया कि आज रविवार को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ शराब धंधेबाज बाहर से शराब की खेप लाकर गैराज में छिपा रहे हैं और वहां से सप्लायरों तक पहुंचा रहे हैं। सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने गैराज की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान कार की जांच की गई तो उसके अंदर शराब छिपाने के लिए बनाया गया तहखाना मिला। तलाशी लेने पर उसमें छिपाकर रखी गई करीब 81 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।कार में तहखाना बनाकर शराब छिपाने का तरीका सामने आने के बाद टीम ने गैराज में मौजूद अन्य सामान और वाहनों की भी जांच की।
इस दौरान शराब से भरी एक स्कूटी भी बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान सरफराज खान उर्फ चांद, साबिर खान, मोहम्मद मुल्तान, साबिर आलम और मोहम्मद समीर को गिरफ्तार किया गया।दुर्गापूजा को देखते हुए शराब की अवैध बिक्री, भंडारण और तस्करी के खिलाफ विशेष सतर्कता बरती जा रही है। संदिग्ध ठिकानों पर नजर रखने के साथ गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

