नालंदा जिले में सर्पदंश से 13 वर्षीय किशोरी की मौत

WhatsApp Channel Join Now
नालंदा जिले में सर्पदंश से 13 वर्षीय किशोरी की मौत


नालंदा, बिहारशरीफ 14 सितंबर (हि.स.)। नालंदा जिले के हरनौत थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव में सोमवार को सांप के डसने से 13 वर्षीय किशोरी अमृता कुमारी की मौत हो गई। मृतका मुबारकपुर गांव निवासी स्वर्गीय अरुण ठाकुर की बेटी बतायी जाती है।

घटना के बाद परिवार सहित पूरे गांव में शोक की लहर है।घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि अमृता रविवार रात अपने घर में बेड पर सो रही थी। इसी दौरान जहरीले सांप ने उसे डस लिया। सोमवार की सुबह सांप के डसने की जानकारी मिलते ही परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए बिहारशरीफ स्थित मॉडल अस्पताल लेकर पहुंचे।

वहां चिकित्सकों ने इलाज के दौरान अमृता को मृत घोषित कर दिया।किशोरी की मौत के बाद परिजन शव को बिना पोस्टमार्टम कराए ही मुबारकपुर गांव वापस ले आए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस गांव पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मॉडल अस्पताल, बिहारशरीफ भेज दिया।ग्रामीणों ने बताया कि अमृता के माता-पिता की काफी पहले ही मौत हो चुकी थी। किशोरी की असमय मौत से उसके परिचितों और ग्रामीणों में गहरा दुख है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

Share this story