साइबर ठगी में इस्तेमाल सिम जारी करने वाला पॉस एजेंट गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
साइबर ठगी में इस्तेमाल सिम जारी करने वाला पॉस एजेंट गिरफ्तार


नालंदा, बिहारशरीफ 07 सितंबर (हि.स.)। साइबर अपराध और ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी के खिलाफ नालंदा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार को साइबर ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे सिम कार्ड जारी करने के आरोप में एक पॉस एजेंट, सिम विक्रेता को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने सोहसराय थाना क्षेत्र के खासगंज स्थित टिंकू मोबाइल दुकान में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके पास से दो पॉस आईडी संचालित स्क्रीन टच मोबाइल, दो फिंगरप्रिंट मशीन तथा ग्राहकों के आधार विवरण और हस्ताक्षर/अंगूठे के निशान वाले दस्तावेज एवं फॉर्म बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुड्डू कुमार (45 वर्ष), पिता श्री कृष्णा प्रसाद, निवासी जलालपुर, थाना सोहसराय, जिला नालंदा के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार, एनसीआरपी पर प्राप्त शिकायतों के तकनीकी विश्लेषण और सत्यापन के दौरान कुछ मोबाइल नंबरों का संबंध विभिन्न राज्यों में दर्ज साइबर अपराध एवं ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी की घटनाओं से सामने आया। इसके बाद प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर नालंदा साइबर थाना पुलिस ने सोहसराय थाना क्षेत्र के खासगंज स्थित टिंकू मोबाइल दुकान में छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने ग्राहकों के आधार विवरण के साथ उनके हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान वाले दस्तावेज एवं फॉर्म बरामद किए। जांच के दौरान सिम कार्ड जारी करने वाले गुड्डू कुमार की भूमिका सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

इस मामले में नालंदा साइबर थाना में कांड संख्या 207/26 दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को पुलिस ने विधिवत न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

Share this story