नालंदा जिले में गोलीबारी चाय पी रहा युवक जख्मी

WhatsApp Channel Join Now

नालंदा, बिहारशरीफ 10 अगस्त (हि.स.)। हिलसा थाना क्षेत्र के पश्चिमी बाईपास पर रविवार की देर शाम उस वक्त अफरातफरी मच गई जब स्कूटी सवार बदमाशों ने एक होटल के अंदर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस दौरान चाय पी रहे एक ग्राहक को गोली लग गई।

जख्मी एकंगरसराय थाना क्षेत्र के कोशियावां गांव निवासी अवधेश प्रसाद के पुत्र विकास कुमार हैं।

प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीणों ने बताया कि शाम 6 बजे होटल में लोग चाय-नाश्ता कर रहे थे। उसी दौरान स्कूटी पर सवार तीन युवक पहुंचे और बिना कुछ कहे गाली-गलौज करते हुए गोलीबारी शुरू कर दी।गोली चलते ही होटल में भगदड़ मच गई। उसी दौरान विकास कुमार के बाएं पैर में गोली लग गई और वह गिर पड़े। वारदात के बाद बदमाश हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।

ग्रामीणों के सहयोग से जख्मी को अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर करदिया गया। थानाध्यक्ष चंद्रभानु ने बताया कि पुलिस घटना की जांच में जुट गई है। जांच के बाद घटना का कारण स्पष्ट होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

Share this story