नालंदा जिले में करंट से युवक की मौत

WhatsApp Channel Join Now

नालंदा बिहारशरीफ 5 अगस्त (हि.स.)।

नालंदा जिले के हरनौत थाना क्षेत्र के पोआरी गांव में बुधवार को करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान पोआरी गांव निवासी रविंद्र प्रसाद के 32 वर्षीय पुत्र धर्मजीत सिन्हा के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक का माहौल है।

मृतक का करीब 3 महीना पूर्वी शादी हुआ है,जिसके चलते परिवार में हाहाकार मचा हुआ है।जानकारी के अनुसार, बुधवार की दोपहर करीब 1:30 बजे धर्मजीत सिन्हा खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में सरकारी बिजली के तार की चपेट में आ गए। करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलसकर गिर पड़े। आसपास मौजूद ग्रामीण और परिजन तत्काल उन्हें इलाज के लिए कल्याणबीघा रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में कई जगहों पर बिजली के तार काफी पुराने और जर्जर हो चुके हैं। कई बार शिकायत के बावजूद उनकी मरम्मत या बदलाव नहीं किया गया, जिससे आए दिन हादसे की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से जर्जर तारों को शीघ्र बदलने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

इधर, सूचना मिलते ही हरनौत थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, वहीं बिजली विभाग की भूमिका को लेकर भी स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

Share this story