नालंदा जिले में जालसाजी मामले का मुख्य आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
नालंदा जिले में जालसाजी मामले का मुख्य आरोपित गिरफ्तार


नालंदा, 04 अगस्त (हि.स.)। नालंदा जिले की वेना थाना पुलिस ने वर्ष 2023 में दर्ज धोखाधड़ी, जालसाजी, रंगदारी और धमकी से जुड़े एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार को प्राथमिक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित की गिरफ्तारी के बाद पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है।

थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि वेना थाना में आराेपित के खिलाफ वर्ष 23 में मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में लंबे समय से फरार चल रहे प्राथमिक अभियुक्त कुबेर यादव, निवासी सिहुंली, थाना वेना, जिला नालंदा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपित के विरुद्ध न्यायालय के निर्देशानुसार आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ भी की जा रही है, ताकि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी प्राप्त की जा सके। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस कांड में अन्य लोगों की संलिप्तता तो नहीं है।

उन्होंने कहा कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध पुलिस का अभियान लगातार जारी है। किसी भी प्रकार के धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय थाना को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

Share this story