खेत पटवन के दौरान करंट की चपेट में आने से एक किसान की मौत

WhatsApp Channel Join Now

नालंदा, बिहारशरीफ 13 जुलाई (हि.स.)। नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र के बसो खंधा गांव में आज सोमवार की सुबह खेत पटवन के दौरान करंट की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई।

मृतक स्व. रामलगन यादव के 45 वर्षीय पुत्र नागमणि प्रसाद हैं। मृतक के भाई प्रमोद कुमार ने बताया कि नागमणि प्रसाद सोमवार की सुबह खेत पटाने के लिए गांव के खंधा की ओर गए थे। खेत के पास बिजली का तार नीचे लटका हुआ था। उसी दौरान अचानक तार में करंट प्रवाहित हो गया और वह उसकी चपेट में आ गए। करंट लगते ही वह मौके पर गिर पड़े।

खेत में काम कर रहे अन्य ग्रामीणों ने उन्हें देखा और तुरंत परिजनों को सूचना दी। परिजन उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए बिहारशरीफ के मॉडल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

घटनाक्रम की जानकारी मिलते ही नुरसराय थाना पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

Share this story