नालंदा में महिला की कंकाल में तब्दील शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस

WhatsApp Channel Join Now

नालंदा, बिहारशरीफ 08 जुलाई (हि.स.)। रहुई थाना क्षेत्र के बसानपुर गांव में गोइठवा नदी किनारे बुधवार को बोरे में बंद अज्ञात महिला की सड़ी लाश मिली। शव कंकाल में तब्दील हो चुका था।

ग्रामीणों ने तेज दुर्गँध आने पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बोरा खोला तो उसमें महिला का शव मिला जो आंशिक रूप से कंकाल में तब्दील हो चुका था।

शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। शव बुरी तरह सड़ चुका है और कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। इससे मृतका की पहचान नहीं हो सकी है।

ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है। थानाध्यक्ष ललित विजय ने बताया कि प्राथमिक जांच में लग रहा है कि आरोपितों ने साक्ष्य छिपाने के इरादे से शव को दूसरे इलाके से लाकर यहां फेंका होगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारण और समय का खुलासा होगा। आसपास के थानों से गुमशुदा महिलाओं की सूची मंगाई गई है। एफएसल टीम मौके से साक्ष्यों का नमूना जांच को ले गई। चौकीदार के बयान पर केस दर्ज कर पुलिस अग्रेतर कार्रवाई में जुट गई है। शव के शिनाख्त का प्रयास जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

Share this story