विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आने से एक युवक की मौत

WhatsApp Channel Join Now

नालंदा, बिहारशरीफ 01 जुलाई (हि.स.)। नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत गनपुरा गांव में मंगलवार की रात बिजली के करंट की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान थरथरी थाना क्षेत्र के थरथरी गांव निवासी राजकुमार पासवान के 25 वर्षीय पुत्र स्वागत कुमार के रूप में हुई है।

घटना के बाद शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। मृतक के पिता राजकुमार पासवान ने बताया कि उनके गोतिया परिवार में एक युवक की पूर्व में मृत्यु हो जाने के कारण उनकी बेटी की शादी गनपुरा गांव स्थित उनके ससुराल से कराई जा रही थी। जहां बारात बाढ़ से गनपुरा पहुंची थी और परिवार के सभी सदस्य बारात के स्वागत एवं विवाह की तैयारियों में व्यस्त थे।

इसी दौरान स्वागत कुमार शौच के लिए जनमासा के पीछे गया। वहां पहले से बिजली का टूटा हुआ तार जमीन पर गिरा हुआ था, जिसकी जानकारी उसे नहीं थी। जैसे ही वह तार के संपर्क में आया, करंट लगने से गंभीर रूप से झुलस गया। उधर से गुजर रहे एक ग्रामीण ने घटना की सूचना परिजनों को दी।

परिजन आनन-फानन में उसे नूरसराय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बुधवार को बिहारशरीफ मॉडल सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और शादी का माहौल गम में बदल गया। हालांकि, विवाह समारोह में व्यवधान न आए, इसलिए घटना की जानकारी बारात पक्ष को नहीं दी गई।

ग्रामीणों के सहयोग से विवाह की सभी रस्में पूरी कराई गईं और दुल्हन की विदाई संपन्न कराई गई।

घटना की सूचना मिलने पर नूरसराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

Share this story