अधेड़ की संदिग्ध हालत में मौत

WhatsApp Channel Join Now

नालंदा, बिहारशरीफ 29 जून (हि.स.)। नालंदा जिले के मानपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत विशुनपुर गांव में रविवार की रात 51 वर्षीय दिनेश यादव की संदिग्ध हालत में मौत हो गई।

प्रांरभिक जांच में पुलिस करंट से मौत बता रही है। जबकि, परिजन भूमि-विवाद में सुनियोजित हत्या का आरोप लगा रहे हैं।

घटना के संबंध में परिवार वालों ने बताया कि रात में कुछ लोग अधेड़ को मछली पकड़ने का बहाना बनाकर साथ ले गए। देर तक घर न लौटने पर खोजबीन शुरू हुई तो सोमवार की सुबह उनका शव खेत में पड़ा मिला। घर से बुलाकर ले जाने वाले लोग करंट से मौत बता रहे हैं।

करंट से मौत होती तो शरीर पर जख्म या निशान होता। शरीर पर करंट का कोई निशान नहीं है। सुनियोजित तरीके से उनकी हत्या की गई है। चार महीने पहले दिनेश के बेटे की भी सड़क हादसे में मौत हो चुकी है। अब पिता की मौत से परिवार टूट गया है। गांव में परिवार की चीख-पुकार से गांव गूंज रही है।

मानपुर थानाध्यक्ष अनिरुद्ध कुमार शर्मा ने बताया कि सूचना करंट से मौत की मिली थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण साफ होगा। पुलिस अग्रेतर कार्रवाई में जुट गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

Share this story