अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी के सख्त निर्देश, नगर थानाध्यक्ष बने 'एसएचओ ऑफ द मंथ'

WhatsApp Channel Join Now
अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी के सख्त निर्देश, नगर थानाध्यक्ष बने 'एसएचओ ऑफ द मंथ'


अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी के सख्त निर्देश, नगर थानाध्यक्ष बने 'एसएचओ ऑफ द मंथ'


सीवान 11 जुलाई (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने कहा कि जिले में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था बनाए रखना और अपराधियों को शीघ्र सजा दिलाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों को लंबित कांडों का त्वरित निष्पादन, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, प्रभावी गश्ती और जनता के साथ बेहतर व्यवहार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

समाहरणालय सभागार में आयोजित जून 2026 की अपराध गोष्ठी में एसपी पूरन कुमार झा ने सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, डीएसपी, पुलिस निरीक्षकों, थानाध्यक्षों एवं शाखा प्रभारियों के साथ जिले की कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की समीक्षा की। उन्होंने हत्या, आर्म्स एक्ट समेत गंभीर मामलों का स्पीडी ट्रायल कराकर अपराधियों को जल्द सजा दिलाने पर जोर दिया।

एसपी ने सभी थानाध्यक्षों को सक्रिय अपराधियों, जेल से छूटे अपराधियों एवं फरार अभियुक्तों की सूची अद्यतन रखने तथा उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। वारंट, सम्मन और कुर्की के निष्पादन के लिए विशेष अभियान चलाने, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी तेज करने तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध बीएनएसएस की संबंधित धाराओं एवं सीसीए के तहत निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। अपराध से अर्जित संपत्ति की जब्ती तथा पीएमएलए के तहत कार्रवाई के प्रस्ताव भेजने, पासपोर्ट एवं चरित्र सत्यापन तथा लंबित कांडों का समयबद्ध निष्पादन करने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में 300 दिनों से अधिक समय से लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन तथा 60 एवं 90 दिनों की निर्धारित अवधि के भीतर आरोपपत्र (चार्जशीट) दाखिल करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही पुराने हिस्ट्रीशीटर अपराधियों के मामलों को स्पीडी ट्रायल में शामिल कर जल्द सजा दिलाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी पुलिस पदाधिकारी थानों में आने वाले लोगों के साथ शालीन व्यवहार करें, उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करें तथा आगंतुक पंजी का नियमित संधारण करें। उन्होंने रात्रि एवं पैदल गश्ती को और प्रभावी बनाने, संवेदनशील स्थलों पर लगातार निगरानी रखने, सघन वाहन जांच अभियान चलाने तथा थाना परिसर में नियमित रूप से गुंडा परेड और चौकीदारी परेड आयोजित करने का निर्देश दिया।

अपराध गोष्ठी में साइबर अपराध से जुड़े मामलों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। साइबर ठगी की रोकथाम, मामलों के त्वरित अनुसंधान और आम लोगों को जागरूक करने की रणनीति पर चर्चा हुई। अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाने के लिए जिलेभर में पुलिस गश्ती के प्रमुख प्वाइंट भी तय किए गए।

बैठक में समीक्षा के दौरान बताया गया कि पिछले माह सीसीए-12 के दो तथा सीसीए-3 के चार प्रस्ताव तैयार किए गए। इसके अलावा एसआई मनोज सिंह और एसआई पप्पन सिंह द्वारा पहली बार जिले में जब्त मादक पदार्थों के निस्तारण की अनुमति प्राप्त की गई है। जल्द ही जब्त ड्रग्स का विधिवत निस्तारण किया जाएगा। यह भी बताया गया कि इस माह 40 प्रतिशत से अधिक मामलों का निष्पादन किया गया है।

बेहतर कार्य के लिए नगर थानाध्यक्ष पु.नि. अविनाश कुमार को मुहर्रम पर्व शांतिपूर्ण संपन्न कराने, मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में लगातार कमी लाने तथा गृहभेदन के मामलों का त्वरित उद्भेदन करने पर 'एसएचओ ऑफ द मंथ' घोषित किया गया।

वहीं 15 से अधिक कांडों का अनुसंधान पूरा करने वाले चार अनुसंधानकर्ताओं महाराजगंज थाने के पुअनि ललन सिंह, लकड़ी नवीगं पुअनि धनंजय कुमार, महाराजगंज थाने के पुअनि लालबाबू प्रसाद और भगवानपुर हाट थाने के पुअनि वीरेंद्र पांडेय को पुलिस अधीक्षक ने प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story