बिना लाइसेंस पटाखा बेचने वालों पर अग्निशमन विभाग करेगी कार्रवाई
अररिया 29 अक्टूबर(हि.स.)। बिना लाइसेंस के पटाखा बेचने वालों पर अग्निशमन विभाग कार्रवाई करेगी।विभाग ने लोगों से लाइसेंसधारी दुकानों से ही पटाखे खरीदने की अपील की है। दुकानदारों को भी सुरक्षा नियमों का पालन करना होगा।
अनुमंडल अग्निशमन कार्यालय के प्रभारी चंदन कुमार ने दुकानदारों से विभाग की गाइडलाइन मानने को कहा। उन्होंने पटाखा दुकानों के पास बालू और पानी से भरी बाल्टी रखने की सलाह दी। पटाखे बेचते समय सूती कपड़े पहनने को भी कहा, ताकि आग लगने की घटनाओं से बचा जा सके।
चंदन कुमार ने आम लोगों से कहा कि अगर किसी दुकान पर सुरक्षा नियमों का पालन नहीं हो रहा है या बिना लाइसेंस पटाखे बेचे जा रहे हैं, तो इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दें।उन्होंने कहा कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई होगी। विभाग का उद्देश्य पटाखों की बिक्री के दौरान आग लगने की घटनाएं रोकना और हादसों को रोकना है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

