हिंसक प्रदर्शन के आरोपितों पर शिकंजा, पुलिस ने जारी की 55 संदिग्धों की तस्वीरें

WhatsApp Channel Join Now
हिंसक प्रदर्शन के आरोपितों पर शिकंजा, पुलिस ने जारी की 55 संदिग्धों की तस्वीरें


किशनगंज, 26 जुलाई (हि.स.)। बहादुरगंज थाना क्षेत्र के एसआरपी चौक पर 25 जुलाई को हुए प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था भंग करने और पुलिस पर हमला करने के मामले में किशनगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने घटना में शामिल बताए जा रहे 55 संदिग्ध उपद्रवियों की तस्वीरें सार्वजनिक करते हुए आम लोगों से उनकी पहचान कराने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस बल पर हमला किया तथा पुलिस वाहनों और अन्य लोक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। इस घटना में कई पुलिसकर्मी और आम नागरिक घायल हुए, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।

रविवार को किशनगंज पुलिस ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा है कि जिन लोगों के पास तस्वीरों में दिख रहे व्यक्तियों के संबंध में कोई जानकारी हो, वे फोटो क्रमांक का उल्लेख करते हुए पुलिस नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 9031816144 और 9031816147 पर सूचना दें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्राप्त सूचनाओं और साक्ष्यों के आधार पर दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध विधि-सम्मत एवं कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story