कटिहार में तस्करों पर शिकंजा: कार और पिकअप से 814 लीटर शराब जब्त, घर से 21 ग्राम स्मैक बरामद

WhatsApp Channel Join Now

कटिहार, 04 अक्टूबर (हि.स.)। कटिहार जिला पुलिस ने मादक पदार्थों और अवैध शराब की तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 814.86 लीटर विदेशी शराब तथा 21 ग्राम स्मैक बरामद की है। पुलिस ने इस दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त एक कार, एक पिकअप वैन और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है। यह संयुक्त सफलता कुर्सेला थाना और डी.एस. कॉलेज ओपी पुलिस द्वारा अलग-अलग स्थानों पर की गई त्वरित कार्रवाई में मिली।

डी.एस. कॉलेज ओपी: 474 लीटर शराब व पिकअप के साथ तस्कर दबोचा गया

डी.एस. कॉलेज ओपी अध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति पिकअप वैन में भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब लेकर हरिगंज चौक (कोरियापट्टी) की ओर आ रहा है। सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहन जांच अभियान शुरू किया। पुलिस को देखकर पिकअप सवार भागने लगा, जिसे जवानों ने तत्परता दिखाते हुए पकड़ लिया। तलाशी के दौरान पिकअप से 474 लीटर विदेशी शराब और एक मोबाइल बरामद हुआ। गिरफ्तार युवक की पहचान राजा कुमार (23 वर्ष), पिता- नरेश शर्म, साकिन- तिनगछिया (नगर थाना, कटिहार) के रूप में हुई है।

कुर्सेला: वाहन जांच में कार से 340.86 लीटर विदेशी शराब बरामद

दूसरी कार्रवाई कुर्सेला थाना क्षेत्र में हुई, जहां थानाध्यक्ष को सूचना मिली कि एक कार में भारी मात्रा में विदेशी शराब लाई जा रही है। पुलिस बल ने बल्थी महेशपुर चौक के पास घेराबंदी कर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के क्रम में एक कार से 340.86 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने शराब के साथ कार को भी जब्त कर लिया है।

कुर्सेला बस्ती में छापेमारी: 21 ग्राम स्मैक के साथ धंधेबाज गिरफ्तार

कुर्सेला पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ एक अन्य कार्रवाई करते हुए स्मैक तस्कर को रंगेहाथ गिरफ्तार किया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुर्सेला बस्ती में एक व्यक्ति अपने घर से नशीले पदार्थों की बिक्री कर रहा है। पुलिस जब छापेमारी करने पहुंची तो आरोपित भागने का प्रयास करने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पकड़े गए संतोष कुमार मंडल (पिता- प्रेम मंडल/पेरू मंडल, साकिन- कुर्सेला बस्ती) के घर की विधिवत तलाशी लेने पर 21 ग्राम स्मैक बरामद हुई।

अग्रतर कानूनी कार्रवाई जारी

पुलिस के अनुसार, सभी मामलों में संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों के खिलाफ अग्रतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story