अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई तेज, अगस्त में 37 वाहन जब्त
किशनगंज, 29 अगस्त (हि.स.)। जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ खनन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधिकारी नवीन कुमार के निर्देश पर जिला खनन कार्यालय की टीम संवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर पुलिस बल के सहयोग से लगातार छापेमारी कर रही है। विभाग ने निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा करने के साथ अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया है। सहायक निदेशक, खान एवं भूतत्व, किशनगंज ने बताया कि अगस्त 2026 में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध कुल 90 छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 10 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। इस दौरान अवैध गतिविधियों में संलिप्त 37 वाहनों को जब्त किया गया। जब्त वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए विभाग ने कुल 140.55 लाख रुपये का दंड अधिरोपित किया है।
उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ अभियान के तहत कुल 527 छापेमारी की जा चुकी है। इस दौरान 31 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं तथा अवैध गतिविधियों में प्रयुक्त 146 वाहनों को जब्त किया गया है। विभाग द्वारा इस अवधि में कुल 376.77 लाख रुपये का दंड अधिरोपित किया गया है। विभाग के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध की गई कार्रवाई से अब तक कुल 378.55 लाख रुपये की वसूली की जा चुकी है। अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई है। पुलिस बल के साथ संयुक्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। विभाग का उद्देश्य सरकारी राजस्व की क्षति रोकने के साथ प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन पर पूरी तरह अंकुश लगाना है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

