जमालपुर लोको शेड में स्वदेशी कंप्रेसर इकाई का निर्माण

WhatsApp Channel Join Now
जमालपुर लोको शेड में स्वदेशी कंप्रेसर इकाई का निर्माण


जमालपुर लोको शेड में स्वदेशी कंप्रेसर इकाई का निर्माण


भागलपुर, 14 अप्रैल (हि.स.)। पूर्व रेलवे के मालदा मंडल अंतर्गत जमालपुर लोको शेड में “स्क्रैप टू आर्ट” पहल के तहत कंडम घोषित पुराने इंजनों के पुर्जों का पुनर्चक्रण कर एक बहुउपयोगी स्वदेशी कंप्रेसर इकाई का सफलतापूर्वक निर्माण किया गया है। यह अभिनव कार्य मंडल रेल प्रबंधक मालदा मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (डीजल) कृष्ण कुमार दास के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

इस कंप्रेसर इकाई के माध्यम से 10 किलोग्राम/सेमी² तथा 3.5 किलोग्राम/सेमी² का दबाव उत्पन्न किया जा सकता है। 10 किलोग्राम/सेमी² दबाव का उपयोग रिवर्सर परीक्षण यंत्र, ईएमसी सफाई, सीजीआर सफाई, मास्टर कंट्रोलर की सफाई तथा अन्य उपकरणों में वायु प्रवाह के लिए किया जाएगा, जबकि 3.5 किलोग्राम/सेमी² दबाव का उपयोग एसएमजीआर परीक्षण यंत्र पर परीक्षण कार्य के लिए किया जाएगा। उक्त इकाई में सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु प्रेशर स्विच, सेफ्टी वाल्व तथा स्वचालित संपर्कक (ऑटोमैटिक कॉन्टैक्टर) लगाए गए हैं, जो निर्धारित दबाव प्राप्त होने पर कंप्रेसर को स्वतः बंद कर देते हैं। इस परियोजना को वरिष्ठ तकनीशियन विश्वरूप सेनगुप्ता द्वारा विकसित किया गया है, जिनके साथ एसएसई (जी) विनय कुमार सिंह एवं सेक्शन सुपरवाइजर हरिहरन बामन का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन रहा। इसके अतिरिक्त, बेंच वाइस संपर्क, ईएमसी स्टैंड, सीजीआर स्टैंड, जीआर, एसएमजीआर स्टैंड तथा अन्य आवश्यक लाइन व्यवस्थाएं भी इन-हाउस विकसित की गई हैं। यह पहल न केवल परित्यक्त सामग्री के प्रभावी पुनः उपयोग का उत्कृष्ट उदाहरण है, बल्कि इससे लागत में उल्लेखनीय बचत, संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा कार्यक्षमता में वृद्धि सुनिश्चित हुई है। यह नवाचार “वेस्ट टू वेल्थ” एवं “आत्मनिर्भर भारत” की भावना के अनुरूप पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास तथा स्वदेशी तकनीकी क्षमता को भी सुदृढ़ करता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story