पंचायतों और वार्डों में हर माह के पहले व तीसरे मंगलवार को लगेंगे सहयोग शिविर, डीएम ने दिए त्वरित निष्पादन के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
पंचायतों और वार्डों में हर माह के पहले व तीसरे मंगलवार को लगेंगे सहयोग शिविर, डीएम ने दिए त्वरित निष्पादन के निर्देश


कटिहार, 31 अगस्त (हि.स.)। आम जनता की शिकायतों के स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान के लिए कटिहार जिले की सभी ग्राम पंचायतों और नगर निकाय के वार्डों में प्रत्येक माह के पहले एवं तीसरे मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा। सोमवार को एनआईसी सभागार में आयोजित साप्ताहिक समन्वय समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने सभी पदाधिकारियों को शिविरों के प्रभावी संचालन और समस्याओं के समयबद्ध निष्पादन का सख्त निर्देश दिया। बैठक में सभागार में जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे, जबकि प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

जिलाधिकारी ने बताया कि सबका सम्मान जीवन आसान पहल के तहत नागरिकों को प्रशासनिक सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उन्हें जिला मुख्यालय का अनावश्यक चक्कर न लगाना पड़े। इसके लिए पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति का विस्तृत रोस्टर तैयार कर लिया गया है। यदि निर्धारित मंगलवार को सार्वजनिक अवकाश रहता है, तो सहयोग शिविर अगले कार्य दिवस पर आयोजित किया जाएगा।

बैठक में डीएम ने निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों और परिवाद पत्रों को संबंधित पोर्टल पर अनिवार्य रूप से डिजिटाइज किया जाए, जिससे शिकायतों की ऑनलाइन ट्रैकिंग और पारदर्शी समीक्षा संभव हो सके। उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने, संभव मामलों का ऑन-द-स्पॉट समाधान करने, अन्य विभागों से संबंधित मामलों में समन्वय बनाकर निगरानी रखने और आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने का निर्देश दिया। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने सभी अंचलाधिकारियों को संभावित बाढ़ से निपटने के लिए सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी रखते हुए अलर्ट रहने का भी आदेश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story