'सबका सम्मान, जीवन आसान' अभियान का दिखा असर, कटिहार में लाभुकों को मिले प्रमाण-पत्र और पर्चे

WhatsApp Channel Join Now
'सबका सम्मान, जीवन आसान' अभियान का दिखा असर, कटिहार में लाभुकों को मिले प्रमाण-पत्र और पर्चे


कटिहार, 05 अगस्त (हि.स.)। बिहार सरकार की अभिनव पहल के तहत आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिले के सभी प्रखंडों की एक-एक पंचायत यानी कुल 16 पंचायतों में 'सहयोग शिविर' का सफल आयोजन किया गया। सरकार आपके द्वार की अवधारणा को धरातल पर उतारने वाले इस अभियान के तहत जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने खुद कटिहार प्रखंड के सरवासा पंचायत में आयोजित शिविर का निरीक्षण किया और आमजन से सीधा संवाद स्थापित किया।

शिविर को संबोधित करते हुए डीएम ने कहा कि राज्य सरकार के सात निश्चय-3 के महत्वपूर्ण अवयव सबका सम्मान, जीवन आसान के तहत यह व्यवस्था की गई है ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को कड़ा निर्देश देते हुए कहा कि शिविर में प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों का निष्पादन 30 दिनों की निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में किया जाना चाहिए। समयासीमा का अनुपालन न करने वाले पदाधिकारियों की जवाबदेही तय होगी और उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने नागरिकों को यह भी जानकारी दी कि वे आवेदन देने के अलावा राज्य सरकार के पोर्टल sahyog.bihar.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराकर उसकी स्थिति की निगरानी भी कर सकते हैं।

शिविर के दौरान राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, पंचायती राज, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, आपूर्ति, ग्रामीण विकास, विद्युत और लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण समेत विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां अधिकारियों द्वारा आमजन के आवेदन प्राप्त किए गए और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया।

इस दौरान डीएम ने कई लाभुकों को जन्म प्रमाण-पत्र, राशन कार्ड, निःशक्तता प्रमाण-पत्र और रैयतों के बीच प्रपत्र-7 पर्चा का वितरण किया। सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने पर लाभुकों ने इस पहल की सराहना की।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, जिले के अन्य वरीय पदाधिकारी, संबंधित प्रखंडों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story