'सबका सम्मान, जीवन आसान': कटिहार में सहयोग शिविर का सफल आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
'सबका सम्मान, जीवन आसान': कटिहार में सहयोग शिविर का सफल आयोजन


कटिहार, 21 जुलाई (हि.स.)। बिहार सरकार की अभिनव पहल के तहत आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निपटारे के लिए मंगलवार को कटिहार जिले के सभी प्रखंडों की कुल 16 पंचायतों में 'सहयोग शिविर' का आयोजन किया गया। सरकार आपके द्वार की तर्ज पर आयोजित इन शिविरों में कटिहार के जिलाधिकारी (डीएम) आशुतोष द्विवेदी ने स्वयं कोढ़ा प्रखंड की विनोदपुर पंचायत में पहुंचकर जनता से सीधा संवाद किया और उनकी शिकायतें सुनीं।

शिविर में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त सभी शिकायतों और आवेदनों का निपटारा हर हाल में 30 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्धारित समय-सीमा का पालन नहीं करने वाले संबंधित पदाधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई होगी।

डीएम ने बताया कि यह पहल राज्य सरकार के सात निश्चय-3 के महत्वपूर्ण अवयव सबका सम्मान, जीवन आसान का हिस्सा है। इसका मुख्य उद्देश्य आम लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से मुक्ति दिलाना है। साथ ही, उन्होंने जानकारी दी कि नागरिक अपनी शिकायतें ऑनलाइन माध्यम से भी दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए राज्य सरकार ने 'नागरिक सहयोग पोर्टल' (sahyog.bihar.gov.in) विकसित किया है, जिसके जरिए घर बैठे आवेदनों की स्थिति भी जांची जा सकती है।

इस शिविर में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, पंचायती राज, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, आपूर्ति और विद्युत सहित कई विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां कई मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। मौके पर जिलाधिकारी और अन्य अधिकारियों ने लाभार्थियों को जन्म प्रमाण-पत्र, राशन कार्ड, निःशक्तता प्रमाण-पत्र और रैयतों को प्रपत्र-7 पर्चा सहित अन्य प्रमाण-पत्रों का वितरण किया। कार्यक्रम में डीएम के अलावा उप विकास आयुक्त, जिले के वरीय पदाधिकारीगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story