कटिहार के 16 पंचायतों में 21 जुलाई को लगेगा 'सहयोग शिविर'
कटिहार, 20 जुलाई (हि.स.)। आम नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित व प्रभावी समाधान के लिए कटिहार जिला प्रशासन 21 जुलाई को जिले के सभी प्रखंडों की चयनित 16 पंचायतों में सहयोग शिविर का आयोजन करने जा रहा है। राज्य सरकार के निर्देश पर शुरू की गई इस नई व्यवस्था के तहत अब से जिले में प्रत्येक माह के पहले और तीसरे मंगलवार को पंचायत स्तर पर ये शिविर लगाए जाएंगे, जहाँ अधिकारी सीधे जनता से संवाद कर मौके पर ही उनकी शिकायतों का निपटारा करेंगे।
यह पहल बिहार सरकार के “सात निश्चय-3” के तहत निर्धारित लक्ष्य “सबका सम्मान, जीवन आसान” को ध्यान में रखकर की गई है। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आम जनता के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है। शिविरों के सफल संचालन के लिए वरीय पदाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की विशेष प्रतिनियुक्ति की गई है। शिविर की अध्यक्षता वरीय पदाधिकारी करेंगे तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) एवं प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी इसके आयोजन के लिए सीधे तौर पर उत्तरदायी होंगे।
शिकायतों के निष्पादन को सुलभ बनाने के लिए प्रशासन ने शिविर से 30 दिन पूर्व ही आवेदन प्राप्त करने की व्यवस्था शुरू कर दी थी। पंचायत, थाना, प्रखंड, अंचल एवं अनुमंडल स्तर के सभी पदाधिकारियों को आवेदन संग्रहण का जिम्मा सौंपा गया था। शिविर का आयोजन पंचायत सरकार भवन या नजदीकी सार्वजनिक स्थल पर किया जाएगा, जहाँ आमजनों के बैठने, पेयजल और पब्लिक एड्रेस सिस्टम की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
जिलाधिकारी ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र में लगने वाले सहयोग शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुँचें। अपनी समस्याओं और सुझावों को सीधे प्रशासन के समक्ष रखें और इस योजना का भरपूर लाभ उठाएं।
इन 16 पंचायतों में आयोजित होगा शिविर
प्रशासन द्वारा जारी रोस्टर के अनुसार मंगलवार को कटिहार प्रखंड के गरभेली, कोढ़ा के बिनोदपुर, बरारी के दुर्गापुर, कुर्सेला के दक्षिणी मुरादपुर, समेली के डूमर, फलका के मघेली, मनिहारी के धुरियाही, मनसाही के मोहनपुर, अमदाबाद के दुर्गापुर, प्राणपुर के गौरीपुर, डंडखोरा के रायपुर, हसनगंज के रामपुर, कदवा के भौगाँव, बारसोई के बेलवा, आजमनगर के बधौरा और बलरामपुर प्रखंड के कमरा पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

